Pageviews last month

Thursday, 27 December 2018

नॉर्वे में क्रिसमस हॉलीडेज

नॉर्वे में क्रिसमस हॉलीडेज़

दिन हुए अब रात जैसे ,रात तो फिर रात है, 
नॉर्वे में आजकल  बस  यही हालात हैं।

दिन निकलता साढ़े बारह ,दो बजे हो जाती शाम, 
और तुरत ही रात की तफरी निकलता चाँद है।  

शून्य से नीचे है पारा ,ठंडी बर्फीली हवा,
रात भर होती कभी बर्फ की बरसात है।

इक दिसंबर से शुरू, एडवेंट का त्यौहार था,
सबको बेसब्री से बस क्रिसमस का इन्तजार था।

बंद हैं स्कूल सारे ,सजी क्रिसमस हाट हैं,
जोहते बच्चे सभी सांता क्लॉस की बाट  हैं।

कुछ दिनों में जल्द होनी ,नववर्ष से मुलाकात है,
नॉर्वे में इस समय बस एक लम्बी रात है। 

इस सर्द लम्बी रात में  ,जम गए सब शब्द हैं,
हो रहे हैं काम सारे ,रुक गयी पर बात है। 

दौड़ो भागो बर्फ पर,खेल है अब बस यही,
स्लेज है स्कीइंग है ,रेनडियर  का साथ है।  
क्रिसमस ईव पर इक ट्राम सजी हुई ओस्लो सेेन्ट्रल स्टेशन के बाहर। 


Monday, 17 December 2018

खालीपन

                                खालीपन

अच्छा है -
खालीपन ,
वो जिसमें कुछ रचनाएँ रची जाती हैं,
कुछ कविताएँ गढ़ी जाती हैं ,
कैनवास पर कुछ नए रंग उभर आते हैं ,
कुछ गीत गुनगनाए जाते हैं ,
अच्छा है ।
वो खालीपन ,जिसमें ,
बुनाई के कुछ नये नमूने सीख लिए जाते हैं ,
क्रोशिया से नये डिज़ाइन बनाए जाते हैं ,
कुछ नये पौधे घर आते हैं ,और....
कुछ नये तरीके सीख लिए जाते हैं ,जीवन को
बेहतर बनाने के ,अच्छा है।

वो खालीपन ,जो खुद से साक्षात्कार कराता है ,
अतीत के पुनर्वलोकन का अवसर देता है,
भविष्य को समझदारी से जीने की प्रेरणा देता है,
और वर्तमान को सजाने और सवाँरने का मौका देता है,
अच्छा है.......
वो खालीपन ।